
नई दिल्ली, 03 जून पब्लिक पोलिटिकल पार्टी ने अपनी स्थापना के 15 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में वर्षगांठ समारोह का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर स्थापना दिवस मनाया तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
लक्ष्मीनगर स्थित लक्ष्मीदीप बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने पार्टी के संस्थापक लोकेश शीतांशु श्रीवास्तव और राष्ट्रीय अध्यक्षा दीपमाला श्रीवास्तव का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर लोकेश शीतांशु श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी ने पिछले 15 वर्षों के दौरान अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए निरंतर जनहित के मुद्दों पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि संगठन को आगे बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है। उनके अनुसार, सामाजिक एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती किसी भी समाज की प्रगति का आधार होती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए समाज के विकास और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और विभिन्न सार्वजनिक मुद्दों पर अपने विचार भी व्यक्त किए।
राष्ट्रीय अध्यक्षा दीपमाला श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने संगठन को और अधिक व्यापक बनाने के लिए सभी से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की उपलब्धियों पर चर्चा की तथा भविष्य की रणनीतियों को लेकर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के आगामी लक्ष्यों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में राजकुमार सिंह, बिलाल अहमद, एडवोकेट मोहनलाल शर्मा, अनवार अहमद नूर, शमशाद मसूदी, सईद अहमद, अज़हर इमाम रिज़वी, वीरेन्द्र चौधरी, अमित जैन, जयराम चौहान, ज्योति चौधरी, अनिला कुमारी, शफीक अहमद, अलका, यशिता श्रीवास्तव और अक्षत श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
